जंतर-मंतर पर अड़े कॉकरेच जनता पार्टी के कार्यकर्ता, दीपके बोले- प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेगा आंदोलन

जंतर-मंतर पर अड़े कॉकरेच जनता पार्टी के कार्यकर्ता, दीपके बोले- प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेगा आंदोलन

नीट पेपर लीक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, बार-बार पेपर लीक होने और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर CJP ने जंतर-मंतर पर दूसरी बार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफा देने तक वह प्रदर्शन स्थल पर डटे रहेंगे। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन की अनुमति केवल शाम 5 बजे तक थी।

दीपके ने प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। इस दौरान उनके साथ जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। वांगचुक ने घोषणा की कि यदि मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो वह 27 जून से अनशन शुरू करेंगे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने दीपके के आह्वान पर ‘थाली और चम्मच’ बजाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरा प्रदर्शन स्थल ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारों से गूंज उठा।

दीपके ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने पर भीड़ के जोरदार स्वागत के बीच कहा, ‘अगर थाली बजाने से कोरोना को भगाया जा सकता है, तो थाली बजाकर धर्मेंद्र प्रधान को भी भगाया जा सकता है।’ प्रदर्शन की अनुमति समाप्त होने से एक घंटा पहले, दीपके ने भीड़ से पूछा कि क्या वे प्रदर्शन समाप्त करना चाहते हैं या ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक’ इसे जारी रखना चाहते हैं।

बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे

इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन जारी रखने के समर्थन में प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद दीपके ने घोषणा की कि वे स्थल पर डटे रहेंगे और दिल्ली पुलिस से अनुमति की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘मैं दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि देशभर से युवा यहां आए हैं और वे धरना जारी रखना चाहते हैं। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा है। हम दिल्ली पुलिस से हमारी अनुमति बढ़ाने का अनुरोध करते हैं।’

हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति देने से इनकार कर दिया और कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार शाम पांच बजे के बाद प्रदर्शन जारी नहीं रखा जा सकता। शाम पांच बजे के बाद पुलिस ने घोषणा की कि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद यह प्रदर्शन ‘अवैध’ है।इसके कुछ ही देर बाद ‘जय भीम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए कई प्रदर्शनकारियों ने उस मंच के चारों ओर घेरा बना लिया, जहां दीपके और अन्य लोग मौजूद थे। इस बीच, कुछ प्रदर्शनकारी वहां से जाने लगे, जबकि बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के कर्मी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने लगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *