कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 30 साल की एक नर्स संदिग्ध हालत में मृत मिली। पुलिस ने बताया कि नर्स बुधवार रात अस्पताल के HDU में नाइट ड्यूटी पर थी।
वॉशरूम में बेहोश मिली नर्स
पुलिस के मुताबिक, नर्स रात करीब 8 बजे ड्यूटी पर आई थी। करीब 10:30 बजे वह अस्पताल के एंटीनैटल वार्ड के स्टाफ वॉशरूम गई।
काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथी उसे देखने पहुंचे। वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद दो कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर नर्स बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी मिली।
डॉक्टरों को तुरंत बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद उन्होंने नर्स को मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और होमिसाइड टीम अस्पताल पहुंची। शुरुआती जांच में नर्स के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले और मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ।
पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि इंजेक्शन के जरिए एनेस्थेटिक दवा की ओवरडोज मौत की वजह हो सकती है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस का कहना है कि डिटेक्टिव सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं. नर्स के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. राज्य के हेल्थ मिनिस्टर शरद्वत मुखर्जी ने गुरुवार सुबह अस्पताल का दौरा किया. उन स्टाफ सदस्यों से भी बात की है, जो बुधवार देर रात ड्यूटी पर मौजूद थे.

