राँची(RANCHI): सोमवार की शाम रांची का आसमान अचानक काला पड़ा… और फिर जैसे बादलों ने शहर पर धावा बोल दिया। करीब एक घंटे की तेज बारिश ने राजधानी को पानी-पानी कर दिया। सड़कों पर जलभराव, नालों का उफान और लोगों की रफ्तार थम सी गई। लेकिन इस बारिश ने तपती गर्मी से राहत भी दी। नतीजा तापमान करीब 5 डिग्री तक लुढ़क गया। कुछ दिन पहले जो पारा 42 के पार था, अब वही मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने साफ किया है कि आज यानी 5 मई को रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और दक्षिणी झारखंड के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। वज्रपात को भी लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूरे राज्य में 10 मई तक बादल, गरज और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है, जिसके लिए येलो अलर्ट भी लागू है। तेज हवा ने कई जगह पेड़ गिरा दिये, सड़कों पर टहनियां बिखर गईं। नालियां ओवरफ्लो होकर सड़कों पर गंदा पानी बहाने लगीं। आम जनजीवन पर इसका सीधा असर दिखा। बीते 24 घंटे में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश तेनूघाट (बोकारो) में दर्ज की गई। वहीं खूंटी में ओले पड़े। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 से 7 मई तक तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट होगी। 8-9 मई के बाद तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन बादल और हल्की-मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

