न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने टेस्ट मैच के चौथे दिन खेल के दौरान इस फैसले की आधिकारिक जानकारी साझा की। स्टोक्स के संन्यास की खबर से क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों में निराशा है। इसके साथ ही स्टोक्स के 15 साल के करियर पर विराम लग जायेगा जिसमें वह 2019 वनडे विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत के नायक रहे. वह टी20 विश्व कप 2022 जीतने वाली इंग्लैंड टीम के भी अहम सदस्य थे और उसी साल टेस्ट कप्तान बने थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद नाइट क्लब घटना के बाद अनुशासनात्मक कारणों से 35 साल के इस ऑलराउंडर को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था.
इंग्लैंड क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, ‘इंग्लैंड के अब तक के सबसे महान कप्तानों में से एक, बेन स्टोक्स ने इस टेस्ट मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है. बेन, आप इस टीम के लिए सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और लेजेंड रहे हैं, जिसकी टीम कभी उम्मीद कर सकती थी. हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और आपके रिटायरमेंट के लिए आपको शुभकामनाएं देते हैं.’
स्टोक्स ने एक भावुक वीडियो में कहा, ‘कारणों पर बाद में बात हो सकती है, लेकिन मैंने इस टीम के लिए, आप लोगों के लिए और पहले के लोगों के लिए कई बार अपना सब कुछ झोंका है, और मुझे एक बार और ऐसा करना है. मैं बस यही चाहता हूं. हमें बहुत मेहनत करनी है, और मैं बस यही चाहता हूं कि नतीजे की परवाह किए बिना, मैं उस मैदान से यह जानते हुए बाहर निकलूं कि इस ग्रुप ने पिछले दो दिनों में अपना सब कुछ दिया है. मैं बस यही चाहता हूं कि हर कोई न केवल मेरे लिए, स्वार्थी होकर, बल्कि इस टीम के लिए भी अपना सब कुछ दे. मैंने भावुक पहलू को पीछे छोड़ दिया है. अब काम पर लगने का समय है. प्लीज, बाकी सब भी मेरे साथ आएं.’
बता दें कि स्टोक्स ने 122 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 44 में उन्होंने कप्तानी की है. वह इंग्लैंड की टीम के लिए सबसे शानदार कप्तानों में से एक रहे हैं और उन्होंने टीम को 24 जीत दिलाई हैं. उनकी कप्तानी में इंग्लैंड को 17 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे. स्टोक्स का जीत का प्रतिशत 58.53% है.

