पुलिस ने बताया कि उन्हें अभिनेता आमिर खान को कथित धमकी मिलने की जानकारी मीडिया रिपोर्टों के जरिए मिली है। अधिकारियों ने कहा कि वायरल पोस्ट की सच्चाई की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धमकी में क्या लिखा?
जानकारी के मुताबिक, आमिर को फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए धमकी मिली, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा था। पोस्ट में लिखा था, ‘मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) हूं। जो लोग हमारे देश में हमारी संस्कृति के खिलाफ काम कर रहे हैं और आमिर खान जैसे लोग जो ‘लव जिहाद’ के नाम पर इसे बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।’
पोस्ट में आगे लिखा, ‘उन्हें (आमिर खान) बहुत जल्द जवाब दिया जाएगा। यह हमारे सनातन धर्म और हमारे देश के खिलाफ है, जो लोग स्टारडम के नाम पर ऐसी चीजों को बढ़ावा दे रहे हैं। हम उन्हें बख्शेंगे नहीं।’
मुंबई पुलिस ने कहा है कि अब तक न तो आमिर खान और न ही उनकी टीम ने कोई शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को इस कथित धमकी के बारे में मीडिया रिपोर्टों से पता चला, जिनमें दावा किया गया था कि यह धमकी फेसबुक के जरिए दी गई थी। वे अभी इस जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं। आमिर खान की तरफ से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की जांच शुरू की जाएगी।
बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने 5 जुलाई को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट से शादी की थी। यह उनकी तीसरी शादी है। उन्होंने घर पर निजी समारोह में शादी की थी, जिसमें परिवार के सदस्य और खास दोस्त ही शामिल हुए थे।

