
धनबाद(DHANBAD):आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैश्विक सहभागिता को और मजबूत किया है।
संस्थान के सहायक रजिस्ट्रार (अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं एलुमनाई अफेयर्स) श्री मृ्त्युंजय शर्मा ने यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्टो, पुर्तगाल में आयोजित इरास्मस+ एडमिनिस्ट्रेटिव इंटरवीक (Erasmus+ Administrative InterWeek) में मोबाइल24 (MOBILE24) प्रोजेक्ट के तहत भारत का प्रतिनिधित्व किया।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां उच्च शिक्षा प्रशासन से जुड़े बेस्ट प्रैक्टिसेज, संस्थागत सहयोग और क्रॉस-कल्चरल एक्सचेंज जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। यह मंच वैश्विक स्तर पर अनुभव साझा करने और सहयोग बढ़ाने का अवसर बना।
श्री शर्मा की भागीदारी संस्थान के इरास्मस+ प्रोग्राम (Erasmus+ Programme) सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय पहलों से बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है, जो शिक्षा, प्रशिक्षण और संस्थागत विकास में सहयोग को बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान इंटरएक्टिव सेशंस, संस्थागत विजिट्स और विभिन्न चर्चाओं के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
यह उपलब्धि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के वैश्विक साझेदारियों को विस्तार देने, नॉलेज एक्सचेंज को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग में सक्रिय योगदान देने के प्रयासों के अनुरूप है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

