असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे रणदीप हुड्डा, राहत सामग्री बांटी और लोगों से की मदद की अपील

असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे रणदीप हुड्डा, राहत सामग्री बांटी और लोगों से की मदद की अपील

बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा हाल ही में बाढ़ प्रभावित असम के शिवसागर जिले पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और राहत कार्यों में हिस्सा लिया।

रणदीप हुड्डा, ग्लोबल सिख संगठन के साथ मिलकर लोगों के बीच खाद्य सामग्री, पीने का पानी और अन्य जरूरी सामान वितरित कर रहे हैं। उन्होंने देशभर के लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की।

एक सप्ताह से चल रहा राहत अभियान

ग्लोबल सिख पिछले एक सप्ताह से शिवसागर और चराईदेव जिले के कई बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य चला रहा है। संगठन के स्वयंसेवक लगातार जरूरतमंद लोगों तक जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं।

रणदीप हुड्डा ने कहा कि उन्होंने पहले भी कई आपदाएं देखी हैं, लेकिन असम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से ग्लोबल सिख के साथ जुड़े हुए हैं और अगले कुछ दिनों तक असम में रहकर राहत कार्यों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि अभी भी कई गांव पानी में डूबे हुए हैं और बड़ी संख्या में लोगों को भारी नुकसान हुआ है।

बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील की

हुड्डा ने कहा, ‘कई गांव पूरी तरह डूब चुके हैं. यहां की स्थिति देखकर मुझे बहुत दुख हुआ. लोगों ने बहुत कुछ खो दिया है. मैं सभी से अपील करता हूं कि वे आगे आएं और बाढ़ पीड़ितों की मदद करें. मदद करने के कई तरीके हैं. आप उनके लिए प्रार्थना कर सकते हैं, आर्थिक सहायता दे सकते हैं या यहां आकर स्वयंसेवक के रूप में राहत कार्यों में शामिल हो सकते हैं.’

राहत अभियान में सहयोग के लिए एयर इंडिया को दिया धन्यवाद

उन्होंने राहत अभियान में सहयोग के लिए एयर इंडिया का भी धन्यवाद किया. रणदीप हुड्डा ने कहा, ‘मैं एयर इंडिया का दिल से आभारी हूं, जिसने हमें राहत सामग्री असम तक पहुंचाने के लिए नि:शुल्क हवाई परिवहन उपलब्ध कराया. मैं पूरे देश से अपील करता हूं कि असम के लोगों के साथ खड़े हों और उनकी हरसंभव मदद करें.’

रणदीप हुड्डा के इस दौरे से बाढ़ प्रभावित लोगों का मनोबल बढ़ा है. वहीं, उनकी अपील ने एक बार फिर असम में जारी राहत और पुनर्वास कार्यों की ओर पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *