टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी इन दिनों अपने एक इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। इस वीडियो में वह असम में आई भीषण बाढ़ और अपने परिवार की स्थिति को लेकर भावुक होती नजर आईं।
देवोलीना ने बताया कि उनकी मां और कई रिश्तेदार असम में बाढ़ से प्रभावित इलाके में फंसे हुए हैं। परिवार की चिंता करते हुए वह वीडियो में अपने आंसू नहीं रोक पाईं।
इसी वजह से नहीं बना पा रही थीं वीडियो
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए देवोलीना ने कहा कि वह कई दिनों से इस मुद्दे पर बात करना चाहती थीं, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पा रही थीं। उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि अगर मैं इस बारे में बात करूंगी तो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाऊंगी।”
रोते हुए बयां किया अपना दर्द
वीडियो में देवोलीना ने कहा कि वह कई बार वीडियो बनाने की कोशिश कर चुकी थीं, लेकिन हर बार भावुक हो जाती थीं। उन्होंने कहा, “मैं आप सबसे बिना रोए अपनी बात नहीं कह पा रही थी। मुझे माफ कर दीजिए, इसलिए अब तक वीडियो नहीं बना पाई।” देवोलीना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा की दुआ कर रहे हैं।
सब कुछ खत्म हो गया है- देवोलीना
देवोलीना आगे कहती हैं, ‘मैं जानती थी कि कहीं ना कहीं मैं टूट जाऊंगी. मेरी मम्मी भी अभी नाजिरा में ही फंसी हुई हैं लेकिन, भगवान के आशीर्वाद से हमारा जो पुराना घर है वो एक जगह पर है जहां पर पूरी तरह से बाढ़ नहीं आई है लेकिन, जो मेरी नानी का घर था, मासी का घर था वो पूरी तरह से डूब चुका है. मतलब सब कुछ खत्म हो गया है. कुछ नहीं बचा है. जैसा आप लोग वीडियो में देख रहे हैं वैसा ही है और कुछ भी नहीं बचा है.’

