कनाडा और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता एक बार फिर विफल हो गई है। शुक्रवार रात दोनों देशों के बीच आखिरी समय पर बातचीत टूट गई। इसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपने वार्ताकारों को वापस बुला लिया।
इसके तुरंत बाद अमेरिका ने कनाडा से आने वाले करीब 28 अरब डॉलर के सामान पर 50% टैरिफ लगा दिया।
कार्नी ने बातचीत रोकने का किया ऐलान
मार्क कार्नी ने कहा कि अमेरिका की आखिरी समय की मांगें अनुचित और आर्थिक रूप से गलत थीं। उन्होंने कनाडाई वार्ताकारों को ओट्टावा लौटने का निर्देश दिया।
कार्नी ने कहा कि अमेरिका के साथ पुराने व्यापारिक रिश्तों में वापस लौटना अब संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका अपने करीबी सहयोगी देशों पर भी टैरिफ लगा रहा है।
कनाडा भी लगाएगा जवाबी टैरिफ
कार्नी ने कहा कि कनाडा भी अमेरिकी टैरिफ का बराबर जवाब देगा। उन्होंने कहा कि कनाडा अपने कर्मचारियों और कारोबार की सुरक्षा के लिए अमेरिकी सामान पर भी उतना ही टैरिफ लगाएगा।
कई दिनों से चल रही थी बातचीत
दोनों देशों के अधिकारी कई दिनों से व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मार्क कार्नी के बीच भी इस दौरान बातचीत हुई थी।
इस हफ्ते की शुरुआत में ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका और कनाडा के बीच समझौता हो गया है, लेकिन दस्तावेजों को अंतिम रूप देना बाकी है। अब बातचीत टूटने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार तनाव फिर बढ़ गया है।

