मिडिल ईस्ट में पिछले 48 घंटे के दौरान एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच जंग छिड़ चुकी है, जिस वजह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर एक बार फिर अनिश्चितता का माहौल बन गया है. जानकारी के मुताबिक ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के जनाज़े और दफ़नाने के अंतिम कार्यक्रम के बीच अमेरिका ने ईरान पर परमाणु केंद्र से लेकर चीन और रूस से जोड़ने वाले रेलवे कॉरिडोर पर हमले किए.
ईरान के 170 सैन्य ठिकानों पर बमबारी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि बीती दो रातों में अमेरिकी सैन्य बलों ने ईरान के 170 सैन्य ठिकानों पर बमबारी की. इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी में क़तर, कुवैत और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया.
अमेरिकी हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत–ईरान
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीती दो रातों के दौरान हुए अमेरिकी हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है.
वहीं इस बीच गुरुवार को अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के आख़िरी दिन अमेरिकी हमलों को देखते हुए तेहरान और मशहद के बीच रेल सेवा को स्थगित कर दिया गया.
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने गुरुवार को कहा कि उसने अमेरिका की ओर से उसी दिन ईरान के सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों के जवाब में खाड़ी क्षेत्र और जॉर्डन में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया. ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि बुधवार को होर्मुज़ स्ट्रेट से कमर्शियल जहाज़ों की आवाजाही काफ़ी कम हो गई और गुरुवार को लगभग ठप हो गई.

