वैशाली में 11 दिसंबर से अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, अमित शाह होंगे शामिल; मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

वैशाली में 11 दिसंबर से अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, अमित शाह होंगे शामिल; मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

पटना/वैशाली, 27 नवंबर। बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर 2026 तक तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के आवासन, भोजन, परिवहन, भ्रमण तथा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने परिसर में प्रस्तावित मुख्य मंच और सम्मेलन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। तैयारियों की समीक्षा के लिए आगंतुक केंद्र में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कार्यक्रम स्थल, तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा, प्रतिनिधियों के आवासन, परिवहन, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, कमांड एवं नियंत्रण कक्ष, हेलीपैड और पार्किंग से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

विदेशी प्रतिनिधियों के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके रहने, खाने, आने-जाने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए बिहार पहुंचना भी आसान बनाया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बौद्धिस्ट देशों को आमंत्रण पत्र भेजने और वहां के प्रतिनिधियों तथा समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। प्रतिनिधियों के सुगम आवागमन के लिए ई-बसों की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

बोधगया, राजगीर और केसरिया का भ्रमण करेंगे मेहमान

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की योजना तैयार करने को कहा। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बोधगया, राजगीर और केसरिया समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण की कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया।

इससे सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों को बिहार की बौद्ध विरासत और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

अभिषेक पुष्करणी तालाब का होगा सौंदर्यीकरण

वैशाली के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने तालाब के आसपास विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि परिसर में मेले जैसा माहौल विकसित किया जा सके। साथ ही सम्मेलन में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और उनके लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

पर्यटन स्थलों पर स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना

मुख्यमंत्री ने वैशाली में स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के महत्वपूर्ण पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर भी स्थायी हेलीपैड विकसित करने की दिशा में योजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा हो।

इसके अलावा सम्मेलन स्थल तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने और विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया, ताकि आयोजन के दौरान जाम की समस्या न हो। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत आसपास के क्षेत्रों और लिंक पथों के किनारे बसे गांवों में साफ-सफाई तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया गया।

समीक्षा बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत परिक्षेत्र के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *