भोपाल: AIMIM प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार (15 सितंबर 2026) को भोपाल में समान नागरिक संहिता (UCC) के खिलाफ आयोजित रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, खासकर Gen Z को कई सवाल किए और उनसे सामाजिक व पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर बात की।
रैली के दौरान ओवैसी ने पत्नी और पति के रिश्ते को लेकर भी एक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “जो बीवी की गुलामी करता है, वही अच्छा मर्द होता है।” उनके इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने सहमति जताई।
Gen Z युवाओं से ओवैसी ने पूछे कई सवाल
ओवैसी ने युवाओं से पूछा कि क्या वे समाज में बदलाव लाने के लिए आगे आएंगे। भीड़ ने जवाब में ‘इंशाअल्लाह’ कहा।
इसके बाद उन्होंने युवाओं से पूछा कि क्या वे कुरान और सुन्नत को अपने जीवन में महत्व देंगे, मस्जिदों को आबाद रखेंगे और अपने माता-पिता की सेवा करेंगे।
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या वे अपनी बहनों को उनका हिस्सा देंगे। इन सवालों पर भी युवाओं ने ‘इंशाअल्लाह’ कहकर जवाब दिया।
पत्नी को लेकर क्या बोले ओवैसी?
इसके बाद ओवैसी ने युवाओं से पूछा कि क्या वे अपनी पत्नी की ‘गुलामी’ करेंगे। भीड़ ने इस पर भी हामी भरी।
ओवैसी ने कहा कि इसमें डरने या शर्माने की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी की सेवा करता है, वही अच्छा पति और अच्छा मर्द है।
उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी दाढ़ी धूप में सफेद नहीं हुई, बल्कि घर में हुई है।
UCC को लेकर ओवैसी ने लगाए आरोप
रैली में ओवैसी ने UCC को लेकर भी अपनी बात रखी। IANS की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और असम में लागू किया गया UCC मुसलमानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लाया गया है।
ओवैसी ने दावा किया कि यह कानून समानता के लिए नहीं बनाया गया है। उनके मुताबिक, इसके जरिए हिंदू मैरिज एक्ट और हिंदू डिवोर्स एक्ट जैसे प्रावधानों को गैर-हिंदू समुदायों पर भी लागू करने की कोशिश की जा रही है।
उनके ये बयान UCC को लेकर उनकी पार्टी के विरोध के बीच सामने आए हैं।

