गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा में रविवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, राजनीतिक नेता, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग पहुंचे।
अंतिम यात्रा के दौरान पूरा माहौल गमगीन और भावुक नजर आया। हजारों लोगों ने नम आंखों से सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अपने करीबी सहयोगी और सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड की राजनीति और झारखंड मुक्ति मोर्चा में शोक का माहौल बना हुआ है।
मंत्री, विधायक और झामुमो नेता पहुंचे
अंतिम यात्रा में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई नेता मौजूद रहे।
विधायक कल्पना सोरेन भी सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने पहुंचीं। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
बेटी को ढाढ़स बंधाती नजर आईं कल्पना सोरेन
अंतिम यात्रा के दौरान बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। सुदिव्य कुमार सोनू की बेटी को विधायक कल्पना सोरेन बार-बार ढाढ़स बंधाती नजर आईं।
परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों और समर्थकों के बीच शोक का माहौल बना रहा।
हजारों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में आम लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाती नजर आई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने भी पार्टी और सरकार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
