सोनपुर मेला-2026 का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पुनर्विकास पर खर्च होंगे 1,000 करोड़

सोनपुर मेला-2026 का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पुनर्विकास पर खर्च होंगे 1,000 करोड़

पटना/सोनपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को सारण जिले के सोनपुर में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। साथ ही सोनपुर को पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर सोनपुर मेला-2026 की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एआई चैटबॉट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ‘गजेंद्र मोक्ष : भक्ति, आस्था और ईश्वरीय कृपा की अमर गाथा’ पर आधारित वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। इस वर्ष मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक होगा।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पुनर्विकास पर 1,000 करोड़ खर्च करने की घोषणा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कराया जाएगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सोनपुर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला बिहार की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय आयोजन बनाना सरकार का लक्ष्य है।

सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और आधुनिक टाउनशिप बनाने की योजना

मुख्यमंत्री ने सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही यहां आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने का काम कराया जाएगा। इसके अलावा गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर और आसपास के क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इससे किसानों, उद्यमियों और युवाओं को व्यवसाय तथा रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

सोनपुर-हाजीपुर पुल जून से पहले फोरलेन करने का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने सोनपुर-हाजीपुर पुल को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष जून से पहले इस पुल को दो लेन से फोरलेन में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे क्षेत्र में यातायात और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास से बिहार में निवेश और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

पांच साल में 50 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है और इसमें बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वर्ष 2037 तक समृद्ध बिहार बनाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम कर रही है। बिहार में 50 लाख बहनों को पशु सखी बनाने और वर्ष 2030 तक प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पर्यटन, व्यापार और रोजगार का वैश्विक केंद्र बनेगा सोनपुर मेला

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेले को केवल सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे पर्यटन, व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था का प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेले को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के साथ इसकी पारंपरिक पहचान भी बरकरार रखी जाएगी।

कार्यक्रम में सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, केदार प्रसाद गुप्ता, डॉ. प्रमोद कुमार, विधायक, विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *