सीतामढ़ी, 15 सितंबर 2026। जिला पदाधिकारी तनय सुलतानिया ने मंगलवार को सदर अस्पताल, सीतामढ़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 25 अगस्त को किए गए पिछले निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। निर्धारित समय-सीमा के भीतर किए गए कार्यों को देखकर डीएम ने संतोष व्यक्त किया और शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
पांच ऑपरेशन थिएटरों को शुरू करने की तैयारी
25 अगस्त को सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कार्यों को 15 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया था। इनमें अस्पताल में उपलब्ध ऑपरेशन थिएटरों को व्यवस्थित कर चरणबद्ध तरीके से ऑपरेशनलाइज करना प्रमुख था।
निर्देश के अनुसार सदर अस्पताल में Emergency OT, Eye OT, Maternal OT, Orthopaedic OT और General OT समेत कुल पांच ऑपरेशन थिएटरों को व्यवस्थित एवं ऑपरेशनलाइज करने की दिशा में आवश्यक कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा किया गया है।
डीएम ने इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और शेष जरूरी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर सभी सुविधाओं को मरीजों के लिए जल्द शुरू करने का निर्देश दिया।
X-Ray सेवा ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट
निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा और अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ाने से जुड़े अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम के पूर्व निर्देश के अनुसार X-Ray सेवा को प्रथम तल से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया गया है।
इसके अलावा OPD में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए दो अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया गया। इन काउंटरों पर विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा का ध्यान रखने को कहा गया।
अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में सुधार पर जोर
जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने भवनों के आवश्यक रंग-रोगन, छोटे-मोटे मरम्मत कार्य और टूटे हुए स्लैब की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा नए RO, CCTV, इंटरकॉम और Public Address System को दुरुस्त करने सहित अन्य जरूरी कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया।

सफाई व्यवस्था में सुधार पर जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सफाई एजेंसी में बदलाव के बाद स्वच्छता व्यवस्था में हुए सुधार पर डीएम ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता को लगातार बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि अस्पताल में लागू Referral Policy के कारण मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए अस्पताल में भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया।
इसके लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से पूर्व सैनिकों की सेवाएं लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी हुई चर्चा
निरीक्षण के साथ ही जिला पदाधिकारी ने रोगी कल्याण समिति (RKS) के शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचना और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीएम ने समिति के सदस्यों से सुझाव लिए और चिन्हित समस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर जल्द एक विस्तृत बैठक आयोजित कर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
सुविधाओं का मरीजों के हित में पूरी क्षमता से उपयोग हो
जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समय के भीतर कार्यों का पूरा होना प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने निर्देश दिया कि तैयार सुविधाओं को केवल संरचनात्मक रूप से पूरा करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें पूरी क्षमता के साथ मरीजों के हित में उपयोग में लाया जाए।
उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव, डीएस डॉ. मनोज कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय झा, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, रोगी कल्याण समिति के सदस्य दिनकर पंडित, संदीप रॉय, हरिशंकर पासवान, विजय कुमार, कंचन पटेल, मिनी रॉय सहित पीरामल फाउंडेशन से प्रभाकर कुमार, बिकेश कुमार, अकरम खान और रितु कुमारी समेत अस्पताल प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

