सीतामढ़ी: बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध पुनौराधाम पहुंचकर माता सीता जन्मस्थली परिसर में निर्माणाधीन भव्य मंदिर परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता सीता और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद भी लिया।
निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा
निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव और डीजीपी ने जिला प्रशासन एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंदिर निर्माण की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और सभी आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता सीता और भगवान श्रीराम से राज्य की सुख-समृद्धि तथा मंदिर परियोजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की।
धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में हो रहा विकास
पुनौराधाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में विशेष धार्मिक मान्यता प्राप्त है। बिहार सरकार इस स्थल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।
इसी उद्देश्य से यहां भव्य मंदिर के साथ आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

