सिंदरी में क्वार्टर बचाने की मांग तेज, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का भव्य स्वागत; आंदोलन को मिला समर्थन

सिंदरी में क्वार्टर बचाने की मांग तेज, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का भव्य स्वागत; आंदोलन को मिला समर्थन

धनबाद, सिंदरी। सिंदरी में क्वार्टरों के अस्तित्व को लेकर चल रहा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मनोहरटांड़ और एसएल-2 के क्वार्टरों को डिमोलिश करने के लिए करीब 60 लाख रुपये का टेंडर निकाले जाने के बाद स्थानीय लोगों और सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा का विरोध और तेज हो गया है।

इसी मुद्दे को लेकर आजसू सुप्रीमो एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो तथा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सिंदरी पहुंचे। यहां सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा और स्थानीय लोगों ने दोनों नेताओं का फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया।

साईं मंदिर में पूजा के बाद लोगों से मिले नेता

सुदेश महतो और चंद्रप्रकाश चौधरी सबसे पहले सिंदरी स्थित साईं मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा साईं की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मनोहरटांड़ और एसएल-2 क्षेत्र के प्रभावित लोगों सहित सिंदरी के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं नेताओं के सामने रखीं।

लोगों ने एफसीआईएल के रवैये को लेकर नाराजगी जताते हुए क्वार्टरों को डिमोलिश किए जाने की योजना का विरोध किया। प्रभावित लोगों ने कहा कि इन क्वार्टरों से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है और इनके हटाए जाने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होंगे।

सिंदरी बचाओ मोर्चा ने सौंपा था ज्ञापन

सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा के संयोजक रवींद्र प्रसाद सिंह और उनकी टीम कुछ दिनों पहले रांची पहुंची थी। प्रतिनिधिमंडल ने सुदेश महतो और चंद्रप्रकाश चौधरी से मुलाकात कर क्वार्टरों से जुड़े मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा था।

प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर दोनों नेताओं ने सिंदरी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी लेने की बात कही थी। इसी क्रम में दोनों नेता सिंदरी पहुंचे और प्रभावित लोगों से सीधे संवाद किया।

क्वार्टरों को लेकर नेताओं ने दिया आश्वासन

लोगों को संबोधित करते हुए सुदेश महतो और चंद्रप्रकाश चौधरी ने आश्वासन दिया कि एफसीआईएल की ओर से क्वार्टरों को लेकर की जा रही कार्रवाई को आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने की बात कही।

सुदेश महतो ने यह भी कहा कि क्वार्टरों के मामले में 6.50 रुपये प्रति वर्गफीट की राशि देने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा के प्रतिनिधियों की दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कराने की बात भी कही गई।

सैकड़ों लोगों ने जताया समर्थन

नेताओं के आश्वासन के बाद मौके पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने समर्थन जताया और दोनों नेताओं के पक्ष में नारे लगाए। सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा ने क्वार्टरों के अस्तित्व को बचाने के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

मनोहरटांड़ और एसएल-2 के क्वार्टरों को लेकर निकाले गए डिमोलिशन टेंडर के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *