धनबाद। सिंदरी स्थित ऐतिहासिक कल्याण केंद्र स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा नेता दीपक कुमार दीपू ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो को पत्र सौंपा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने कल्याण केंद्र के जीर्णोद्धार, रखरखाव और खेल सुविधाओं को दोबारा बेहतर बनाने की मांग की है।
दीपक कुमार दीपू ने सांसद का ध्यान कल्याण केंद्र की वर्तमान स्थिति की ओर आकर्षित कराते हुए कहा कि यह मैदान कभी खेल और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। उनके अनुसार, यहां अभ्यास करने वाले कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है।
रोशनी के अभाव में शाम के बाद रुक जाती हैं खेल गतिविधियां
पत्र में भाजपा नेता ने कल्याण केंद्र के बड़े मैदान और ट्रैक एंड फील्ड क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि शाम होते ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
उन्होंने बड़े मैदान और ट्रैक के चारों ओर 6 से 8 हाई-मास्ट लाइट लगाने की मांग की है। इससे एथलेटिक्स, ट्रैक एंड फील्ड और फुटबॉल जैसी गतिविधियों के लिए शाम के समय भी अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है।
वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट की मरम्मत की मांग
दीपक कुमार दीपू ने पत्र में कल्याण केंद्र के आउटडोर कोर्ट्स की स्थिति का भी उल्लेख किया है। उन्होंने वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट की मरम्मत और बेहतर रखरखाव की जरूरत बताई है।
उनका कहना है कि मौजूदा स्थिति में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेल सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए इन कोर्ट्स का जीर्णोद्धार जरूरी है।
बैडमिंटन कोर्ट में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
पत्र में बैडमिंटन कोर्ट के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया है। भाजपा नेता ने कोर्ट में आधुनिक टेराफ्लेक्स मैट और फ्लड लाइट लगाने की मांग की है।
उनके अनुसार, बेहतर खेल सतह और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उपयुक्त वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट को आधुनिक बनाने पर जोर दिया है।
वर्षों से बंद स्विमिंग पूल को चालू कराने की मांग
कल्याण केंद्र के लंबे समय से बंद पड़े स्विमिंग पूल को दोबारा शुरू कराने की मांग भी पत्र में प्रमुखता से रखी गई है।
दीपक कुमार दीपू ने स्विमिंग पूल शुरू होने के बाद वहां एक या दो लाइफगार्ड की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे बच्चों को तैराकी सीखने का अवसर मिल सकता है।
इसके अलावा उन्होंने जर्जर टेबल टेनिस हॉल की मरम्मत कराने और उसे दोबारा उपयोग के योग्य बनाने की मांग की है।
स्टेडियम तक पहुंचने वाले मार्ग पर पेवर्स ब्लॉक लगाने का प्रस्ताव
भाजपा नेता ने कल्याण केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाने के लिए पेवर्स ब्लॉक लगाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान खिलाड़ियों को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पूरे कल्याण केंद्र परिसर का व्यापक जीर्णोद्धार कराने और आधुनिक प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।
सांसद की पहल से खिलाड़ियों को लाभ मिलने की उम्मीद
दीपक कुमार दीपू ने अपने पत्र में कहा है कि यदि सांसद ढुल्लू महतो की पहल से कल्याण केंद्र का कायाकल्प होता है, तो यहां के बच्चों और खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा मिल सकती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से सिंदरी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और कल्याण केंद्र अपनी पुरानी पहचान हासिल कर सकेगा।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

