सिंदरी। अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दीपावली धनबाद जिले के औद्योगिक नगर सिंदरी में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। दीपावली के साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में मां काली की पूजा भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ आयोजित की गई। रोशनी से जगमगाते घरों, रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और सजे-धजे पूजा पंडालों ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया सिंदरी
दीपावली को लेकर लोगों ने अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर उन्हें मिट्टी के दीपों और रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया था। सूर्यास्त होते ही पूरा सिंदरी शहर दीपों और विद्युत रोशनी से जगमगा उठा। घरों के आंगन और प्रतिष्ठानों में जलते दीपों की कतारें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। देर रात तक आतिशबाजी की आवाज से शहर का वातावरण उत्सवमय बना रहा।
इस अवसर पर लोगों ने धन और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी तथा विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। पूजा के बाद सगे-संबंधियों और परिचितों के बीच मिठाइयों एवं प्रसाद का आदान-प्रदान किया गया।
सिंदरी के विभिन्न पूजा पंडालों में मां काली की आराधना
कार्तिक अमावस्या यानी 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर सिंदरी के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने मां काली की आराधना कर शक्ति, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
जय हिंद मोड़ काली पूजा समिति, आदर्श क्लब (एल टाइप), अमर क्लब और भारतीय संघ (रोहड़ाबांध), तालतला (जे टाइप), मार्शल क्लब (आईएम टाइप), मनव क्लब, अमर क्लब डोमगढ़ और राइजिंग क्लब सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में भव्य आयोजन किया गया।
शाहिद क्लब के पंडाल में पहुंचे विधायक चंद्रदेव महतो
रोड़ाबांध स्थित शाहिद क्लब के पूजा पंडाल में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो भी मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने विधायक को चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचे।
ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंज उठे पूजा पंडाल
शुभ मुहूर्त शुरू होते ही विभिन्न पूजा पंडालों में मां काली की प्रतिमाओं के चेहरे से पट हटाया गया। प्रतिमा के दर्शन होते ही श्रद्धालु ढोल की थाप पर झूम उठे और मां काली के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। दीपावली की रात वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां की विशेष आराधना की गई।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच खिचड़ी महाभोग का वितरण किया गया। दीपावली और काली पूजा के इस संयुक्त उत्सव ने सिंदरी में भक्ति, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना दिया।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।
