सिंदरी गुरुद्वारा में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, कीर्तन-लंगर में उमड़ी संगत

सिंदरी गुरुद्वारा में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, कीर्तन-लंगर में उमड़ी संगत

धनबाद, सिंदरी। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिंदरी गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं के साथ दूसरे समुदायों के लोगों ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और सुख-शांति तथा सर्वकल्याण के लिए अरदास की। पूरे दिन गुरुद्वारा परिसर गुरुवाणी, कीर्तन और सेवा भाव से गूंजता रहा।

फूलों और रोशनी से सजाया गया गुरुद्वारा साहिब

प्रकाश पर्व को लेकर सिंदरी गुरुद्वारा साहिब को फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। सुबह 48 घंटे से चल रहे अखंड पाठ का विधिवत समापन हुआ। इसके बाद कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय संगत के साथ आद्रा से आए भाई जगदीश सिंह के जत्थे ने गुरुवाणी का गायन किया। उनके कीर्तन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

इस दौरान गुरुद्वारा के ग्रंथी सरदार बलवीर सिंह ने अरदास की और गुरु नानक देव जी के जीवन तथा उनके उपदेशों का संदेश संगत तक पहुंचाया। समागम के बाद श्रद्धालुओं के बीच गुरु का लंगर वितरित किया गया।

शाम के कीर्तन दरबार में शामिल हुए श्रद्धालु

शाम को रहरास साहिब के पाठ और आरती के बाद एक बार फिर कीर्तन दरबार सजा। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से गुरुवाणी का श्रवण किया। इस दौरान गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए मानवता, समानता, सेवा और आपसी भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से जगमगाया गुरुद्वारा परिसर

रात होते ही गुरुद्वारा परिसर दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। रात 8:15 बजे गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप को पूरे सम्मान के साथ सुखासन में ले जाया गया। इस दौरान उपस्थित संगत ने पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इसके बाद भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे प्रकाश पर्व का उत्सव और भी आकर्षक हो गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के बीच गुरु का लंगर भी वितरित किया गया।

गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

प्रकाश पर्व के आयोजन में गुरुद्वारा प्रधान जसप्रीत सिंह रैनो सहित प्रेम सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, लखजीत सिंह, मोहन सिंह, ओंकार सिंह, हरदीप सिंह, कुलबीर सिंह, हरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, मनजीत सिंह उप्पल, विंकी उप्पल, जगदीश्वर सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, घनश्याम ग्रोवर, राघव ग्रोवर, मोहन ग्रोवर, रामदेव पांडेय, हरेंद्र सिंह, सतविंदर सिंह, गुरचरण सिंह, जसपाल कौर, मनजीत कौर, दविंदर कौर, डॉ. निशी महतो, रीत कौर, रीता कौर, सुरेंद्र कौर, रूपा कौर, हरभजन कौर, प्रीति कौर और सर्वजीत कौर समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *