सिंदरी (धनबाद): भारत के लौह पुरुष और देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शाहरपुरा स्थित भाजपा कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति उनके योगदान को याद किया।
मनोज मिश्रा ने राष्ट्र निर्माण में पटेल के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में निवर्तमान जिला महामंत्री मनोज मिश्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का प्रतीक रहा है। आजादी के बाद देश की 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और एकता का अमर संदेश है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
विजय सिंह ने बताया दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक
पूर्व सिंदरी मंडल अध्यक्ष एवं जिला कार्यसमिति सदस्य विजय सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व दृढ़ संकल्प, कुशल नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत इच्छाशक्ति से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी।
विजय सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
भाजपा के वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी राजेश चौधरी, वरिष्ठ नेता रवि कुमार, राहुल कुमार, मनोज पांडेय, सूरज सिंह, सूरज ओझा, रमेश कुमार, मुन्ना कुमार, अमन कुमार, एमडी आलम और मनीष सहित भाजपा के कई वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
राष्ट्र के लिए पटेल का योगदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के प्रति समर्पण और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी। उनका जीवन और विचार देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

