सिंदरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना भैया दूज, बहनों ने गोधन कूटकर भाइयों की लंबी उम्र की मांगी दुआ

सिंदरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना भैया दूज, बहनों ने गोधन कूटकर भाइयों की लंबी उम्र की मांगी दुआ

धनबाद, सिंदरी। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक भैया दूज का पर्व बुधवार को सिंदरी शहर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोधन कूटने की रस्म निभाई। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

घरों और सार्वजनिक स्थानों पर हुई गोधन पूजा

भैया दूज के अवसर पर सिंदरी के विभिन्न मोहल्लों में व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से गोधन कूटने की परंपरा निभाई गई। बहनों ने सुबह स्नान आदि से निवृत्त होकर नए वस्त्र धारण किए। इसके बाद घरों के प्रवेश द्वार के सामने विशेष स्थान पर गोबर से पुरुष और स्त्री की आकृतियां बनाईं। इनके ऊपर घड़ा रखा गया और पास में चना, रेगनी का कांटा, नारियल तथा दीपक रखकर पूजा-अर्चना की गई।

दीपक पर काजल लगाने की रस्म भी निभाई गई। इसके बाद महिलाएं और बच्चियां एकत्रित होकर मंगल गीत गाने लगीं। पारंपरिक गीतों और पूजा-पाठ से आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया।

गोधन कूटने की रस्म में शामिल हुईं बहनें

पूजा-अर्चना के बाद बहनों और बच्चियों ने गोधन की आकृति को कूटा। इस रस्म के दौरान भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की गई। गोधन कूटने की परंपरा के बाद सुहागिन महिलाओं ने सिंदूर लगाने की रस्म निभाई। परंपरा के अनुसार मांग और नाक में सिंदूर लगाने की रस्म भी अदा की गई।

तिलक लगाकर भाइयों को खिलाया चना और मिठाई

गोधन पूजा के बाद बहनों ने भाइयों की आरती उतारी और उनके माथे पर तिलक लगाया। उनकी कलाई पर कलावा बांधकर चना और बजरी मिठाई खिलाई। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना करते हुए हर वर्ष भैया दूज पर उनकी उपस्थिति का वचन भी लिया। वहीं भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार देकर इस पवित्र रिश्ते के प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट किया।

परंपरा और पारिवारिक प्रेम का पर्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भैया दूज भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। मान्यता है कि इस पर्व के बाद शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। सिंदरी में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाए गए इस पर्व ने एक बार फिर लोक परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों की मिठास को जीवंत कर दिया।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *