सरायकेला: जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बामणी नदी में शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है और महिला के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
नदी किनारे मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
प्रारंभिक जांच में महिला की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला कौन है और उसकी मौत कैसे हुई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शव की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

