शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए सिर्फ किसी हमले या घटना के बाद कार्रवाई करना काफी नहीं है। इसके लिए आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पूरे सिस्टम को खत्म करना जरूरी है।
आतंकवाद के पूरे सिस्टम पर करना होगा हमला
पीएम मोदी ने SCO के मंच से सभी सदस्य देशों से आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद आज भी पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए केवल ‘एक्शन-रिएक्शन’ की नीति पर निर्भर नहीं रहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि आतंकियों तक पहुंचने वाली आर्थिक मदद को रोकना, उनकी भर्ती पर लगाम लगाना, कट्टरपंथ को रोकना और उन्हें सुरक्षित ठिकाने देने वाले नेटवर्क को खत्म करना जरूरी है।
आतंकवाद पर नहीं चलेंगे दोहरे मापदंड
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी देशों को एक जैसी नीति अपनानी होगी। आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी तरह के दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते।
उन्होंने कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति का हिस्सा बनाते हैं या आतंकियों को मदद और पनाह देते हैं, उन्हें साफ संदेश दिया जाना चाहिए।
पाकिस्तान का नाम लिए बिना साधा निशाना
पीएम मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ की मौजूदगी में पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि किसी भी देश को आतंकवाद को अपनी रणनीतिक ताकत या हथियार नहीं बनाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद किसी भी देश के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता। आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों को मिलकर ठोस और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

