साल 2027 में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। इस बीच पाकिस्तान ने संकेत दिए हैं कि वह SCO के सभी सदस्य देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, को सम्मेलन का आधिकारिक निमंत्रण भेजेगा।
पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि SCO के नियमों के अनुसार मेजबान देश का दायित्व है कि वह सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को सम्मेलन में आमंत्रित करे। उन्होंने कहा कि इसलिए भारत सहित सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा जाएगा।
जब प्रवक्ता से मनीला में होने वाली ASEAN बैठकों के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश मंत्री की संभावित मुलाकात के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि भारत की ओर से ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल, पाकिस्तान की ओर से भारत को निमंत्रण देने की बात तो साफ हो गई है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
पाकिस्तान में होगा SCO का शिखर सम्मेलन
बता दें कि 2027 में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का शिखर सम्मेलन पाकिस्तान में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है. SCO बहुपक्षीय बैठकों के तहत सदस्य देशों के बीच ऐसे निमंत्रण भेजे जाते हैं. SCO शिखर सम्मेलन एक प्रमुख वार्षिक अंतरराष्ट्रीय मंच है. इसमें चीन, रूस, भारत, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और ईरान के अलावा बेलारूस भी शामिल है.
चीन की राजधानी बीजिंग में 15 जून 2001 को में स्थापित इस संगठन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देना है. इसके सर्वोच्च निर्णय लेने वाली काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट (CHS) की अध्यक्षता हर साल सदस्य देशों के बीच होती रहती है. इस दौरान वही देश उस साल राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करता है.

