आसनसोल: रातभर हुई बारिश के बाद सालानपुर थाना क्षेत्र के जहारगढ़ पुल पर तेज पानी के बहाव के बीच हादसा हो गया। एथोड़ा मोड़ से सीतारामपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित इस पुल से पानी बह रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए।
हादसे में एक युवक किसी तरह पेड़ की डाली पकड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान 18 वर्षीय आमिर गयास के रूप में हुई है। वह सीतारामपुर का रहने वाला बताया गया है।
पुल पर पानी के तेज बहाव के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक स्कूटी पर सवार होकर सीतारामपुर की ओर जा रहे थे। रातभर बारिश होने के कारण जहारगढ़ पुल के ऊपर से पानी बह रहा था।
पुल के दोनों तरफ की रेलिंग टूटी होने के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देने की स्थिति में स्कूटी सवार युवकों का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद स्कूटी पुल से नीचे जा गिरी और दोनों युवक पानी के तेज बहाव में बहने लगे।
एक युवक ने पेड़ की डाली पकड़कर बचाई जान
हादसे के दौरान एक युवक ने किसी तरह पेड़ की डाली पकड़ ली। इससे वह पानी के तेज बहाव में बहने से बच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद नियामतपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, दूसरा युवक आमिर गयास पानी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश की जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस टीमें
घटना की सूचना मिलने के बाद सालानपुर थाना पुलिस, नियामतपुर फाड़ी पुलिस और कुल्टी ट्रैफिक गार्ड के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया गया।
पुल से पानी के तेज बहाव के कारण हादसे के बाद इलाके में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
NEWS ANP के लिए आसनसोल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट।

