रांची। राजधानी रांची के एचईसी सेक्टर-2 मार्केट स्थित श्री किचन बर्तन दुकान में रविवार दोपहर दिनदहाड़े दो लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई गई है। हालांकि, चोरी के कुछ ही देर बाद दुकान संचालक ने स्थानीय लोगों की मदद से पूरी रकम बरामद कर ली।
चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद मामले की जानकारी जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई।
चाय पीने के लिए दुकान से बाहर गए थे संचालक
दुकान संचालक मनोज कुमार के अनुसार, वह दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ देर के लिए दुकान से बाहर चाय पीने गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि दुकान का कैश काउंटर खुला हुआ था।
जब उन्होंने ड्रॉवर की जांच की तो उसमें रखे दो लाख रुपये गायब मिले। मनोज कुमार ने बताया कि यह रकम महाजन को भुगतान करने के लिए अलग से रखी गई थी।
दुकान से इतनी बड़ी रकम गायब मिलने के बाद उन्होंने तत्काल सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई।
CCTV फुटेज में रुपये निकालता दिखा बच्चा
चोरी की जानकारी मिलने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक छोटा बच्चा कैश काउंटर से रुपये निकालकर ले जाता हुआ दिखाई दिया।
फुटेज के आधार पर आसपास के लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में स्थानीय लोगों को बच्चे के बारे में जानकारी मिल गई और उसकी तलाश कर ली गई।
झोपड़ी में पॉलीथीन के अंदर मिले रुपये
जानकारी के अनुसार, बच्चा एचईसी सेक्टर-2 की झोपड़ियों में कुछ अन्य बच्चों के साथ मौजूद था। उसके पास एक पॉलीथीन में चोरी किए गए रुपये रखे मिले।
स्थानीय लोगों की मदद से दुकान से चोरी हुई पूरी रकम वापस बरामद कर ली गई। मनोज कुमार के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बच्चे को वहां से वापस भेज दिया गया।
घटना के बाद चोरी की रकम बरामद हो जाने से दुकानदार को राहत मिली।
बच्चे की उम्र करीब 9 से 10 साल बताई गई
दुकान संचालक ने बताया कि बच्चे की उम्र करीब 9 से 10 साल के बीच है। इसी वजह से उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की गई।
मनोज कुमार के मुताबिक, बच्चा काफी छोटा था और रुपये वापस मिलने के बाद उन्होंने उसे छोड़ देना उचित समझा। मामले में पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।
महाजन को भुगतान के लिए रखे थे दो लाख रुपये
मनोज कुमार ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को महाजन दुकान पर बकाया राशि लेने आते हैं। इसी भुगतान के लिए उन्होंने दो लाख रुपये कैश ड्रॉवर में अलग से रखे थे।
उनके अनुसार, कुछ मिनटों के लिए दुकान से बाहर जाने के दौरान ही रुपये चोरी हो गए। सीसीटीवी फुटेज के कारण चोरी की घटना का पता लगाने में मदद मिली और स्थानीय लोगों के सहयोग से रकम भी बरामद कर ली गई।
फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है।
