रांची। राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नरकोपी के बोबरो गांव स्थित सिया टोली में एक पिता पर अपने ही 17 वर्षीय बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पिता ने घर में सो रहे बेटे के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नितेश उरांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
सोते समय बेटे पर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। बताया गया है कि वह अक्सर घर से बाहर भागने का प्रयास करता था। इसी वजह से नितेश ने रात में घर का दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि उसके पिता बाहर नहीं जा सकें।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब चार बजे नितेश सो गया। इसी दौरान उसके पिता ने बिस्तर पर सो रहे बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। मां जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक बेटे की जान जा चुकी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद दी जानकारी
घटना के बाद आरोपी पिता घर से बाहर निकला और आसपास के लोगों को खुद बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है। इस जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक नितेश उरांव नरकोपी स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। महज 17 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू और एएसआई शिव कुमार सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी देवनाथ उरांव को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जरूरत
घटना के पीछे आरोपी की कथित मानसिक बीमारी को वजह बताया जा रहा है, हालांकि उसकी चिकित्सकीय स्थिति और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

