रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के गिद्दी क्षेत्र में स्थित सीसीएल की एक बंद कोयला खदान में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान के भीतर जहरीली गैस के रिसाव और ऑक्सीजन की कमी के कारण चार मजदूरों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।जानकारी के अनुसार, कुछ मजदूर बंद खदान के भीतर कोयला निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान खदान के अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जाता है कि अंदर मौजूद मजदूरों की स्थिति जानने के लिए अन्य लोग भी खदान में गए, जिसके बाद वे भी प्रभावित हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद सभी प्रभावित लोगों को खदान से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देव कुमार बेदिया (25), डब्ल्यू बेदिया (26), किशोर रवानी (26) और आशीष रजवार (29) के रूप में की गई है। सभी मृतक आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।यह घटना एक बार फिर कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा और अवैध खनन से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती है। हालांकि, घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर प्रशासनिक जांच जारी है। आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
Posted inNews
रामगढ़ में बंद कोयला खदान में हादसा, जहरीली गैस से चार मजदूरों की मौत की आशंका

