PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से होंगे कई कार्यक्रम

PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से होंगे कई कार्यक्रम

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और शासन के 25 साल पूरे होने के मौके पर बिहार सरकार राज्यभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसमें छात्र, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम लोगों को अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ मार्च 2027 तक चलेगा। इस दौरान सरकारी भवनों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम किए जाएंगे।

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत बिहार के घरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक रूप से दीप जलाए जाएंगे।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर प्रतियोगिताएं होंगी और अभिभावक-शिक्षक बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

नुक्कड़ नाटक के जरिए बताए जाएंगे विकास कार्य

18 से 20 सितंबर तक ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत अलग-अलग जगहों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। इनमें पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इसमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। यात्रा के अंत में ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी होंगे कार्यक्रम

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजन होंगे। इसमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा लाभार्थी माताओं से बातचीत, बच्चों की गतिविधियां और पोषण-स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, पौधरोपण समेत करीब 25 तरह की गतिविधियां कराई जाएंगी।

‘सरकार आपके द्वार’ से लोगों की समस्याओं का समाधान

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वहीं, ‘25 साल, 25 कहानियां’ कार्यक्रम में बिहार की प्रमुख उपलब्धियों को तथ्यों के साथ लोगों के सामने रखा जाएगा।

मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान

‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत नौ प्रमुख विभागों के सरकारी भवनों और बुनियादी ढांचे का जीर्णोद्धार किया जाएगा। यह अभियान मार्च 2027 तक चलेगा।

इसके अलावा ‘वडनगर से वाराणसी’ यात्रा के बिहार से गुजरने के दौरान स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्थानीय लाभार्थियों से भी बातचीत की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *