शेरपुर गंगा घाट के पास STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में तीन आरोपियों की मौत हो गई, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना अपराधियों से हो गया। दोनों ओर से गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा गया।
मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों की मौत, हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए हैं। मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या से जुड़ा मामला
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए तीनों आरोपी मनेर के ब्यापुर निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे। संजीत कुमार की हत्या के दौरान मनेर प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हत्याकांड के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
दानापुर-2 के एसडीपीओ ए.के. झा ने भी बताया कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों व्यक्ति पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड से जुड़े थे। पुलिस इस मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही थी।
जेपी यादव, सूरज कुमार और बबलू कुमार की हुई पहचान
मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, जेपी यादव दानापुर के खरौजा रोड का निवासी था। सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहरा का रहने वाला बताया गया है, जबकि बबलू कुमार मनेर के सुअरमरवा का निवासी था। पुलिस का कहना है कि तीनों के खिलाफ मनेर सहित कई थानों में मामले दर्ज थे और वे वांछित थे।
दो शूटर और एक मुख्य साजिशकर्ता होने का पुलिस का दावा
दानापुर-2 एसडीपीओ ए.के. झा के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या में बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा ने शूटर की भूमिका निभाई थी। वहीं, जेपी यादव को पुलिस ने इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस अब हत्या के मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

