धनबाद में ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के पांचवें दिन पहुंचे सांसद पप्पू यादव, 99 ग्रुप की पहल को सराहा

धनबाद में ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के पांचवें दिन पहुंचे सांसद पप्पू यादव, 99 ग्रुप की पहल को सराहा

धनबाद में पांचवें दिन विशेष कार्यक्रम

धनबाद। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम में पांचवें दिन पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव शामिल हुए। मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रुप के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद पप्पू यादव, 99 ग्रुप के सीईओ राम प्रताप सिंह, वीपी महेश मोदी और राकेश पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह और समाजसेवी सुंदर यादव सहित कई अतिथि उपस्थित थे।

भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति बनी आयोजन की थीम

इस वर्ष ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ की थीम भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर आधारित रखी गई है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे ऑडिटोरियम को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत की झलकियों से सजाया गया है। आयोजन परिसर में प्रवेश करते ही देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का माहौल देखने को मिलता है।

सांसद पप्पू यादव ने आयोजन परिसर का भ्रमण कर सजावट और प्रस्तुति का जायजा लिया। उन्होंने 99 ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने ग्रुप को भविष्य में और अधिक सफलता हासिल करने तथा झारखंड के लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए शुभकामनाएं दीं।

राम प्रताप सिंह ने सांसद को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान 99 ग्रुप के सीईओ राम प्रताप सिंह ने सांसद पप्पू यादव को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर राकेश पाठक ने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं, संस्कारों और राष्ट्रीय चेतना को समाज तक पहुंचाने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी मतभेद भुलाकर खुशियां बांटने और समाज में सकारात्मकता का संचार करने की प्रेरणा देता है। आज की पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

सात नवंबर तक जारी रहेगा आयोजन

समापन अवसर पर सीईओ राम प्रताप सिंह ने सांसद सहित सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास है कि दीपावली के अवसर पर हर साल ऐसे आयोजन किए जाएं, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें।

उन्होंने बताया कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का आयोजन सात नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

डॉ. अमित रंजन ने किया मंच संचालन

कार्यक्रम का संचालन 99 ग्रुप के डॉ. अमित रंजन ने किया। उनके मंच संचालन की सांसद पप्पू यादव ने भी सराहना की। वहीं, भानु सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस आयोजन को दीपावली की पारंपरिक खुशियों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को एक सूत्र में जोड़ने वाली अनूठी पहल बताया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *