रांची RSS कार्यालय पर हमले की कोशिश, पेट्रोल भरी बोतलें बरामद, जांच में जुटी पुलिस

रांची RSS कार्यालय पर हमले की कोशिश, पेट्रोल भरी बोतलें बरामद, जांच में जुटी पुलिस

रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाने की कथित कोशिश के बाद राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। देर रात हुई इस घटना में पेट्रोल से भरी बोतलें मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार 16 और 17 जून की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे दो संदिग्ध युवक पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर RSS कार्यालय के समीप पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बोतलों को कार्यालय परिसर के भीतर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन बोतलें बाउंड्री वॉल के बाहर ही गिर गईं। घटना में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी RSS कार्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

संजय सेठ ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने RSS कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने तथा आसपास स्थायी पुलिस निगरानी की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

News ANP के लिए सौरभ की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *