पाकुड़: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के धुलीडांगा गांव स्थित आरएम इंटरप्राइजेज क्रेशर से ट्रांसफॉर्मर का तांबे का कॉयल चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 16 छोटे और एक बड़े तांबे के कॉयल बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
क्रेशर के ट्रांसफॉर्मर से चोरी हुआ था कॉपर कॉयल
पुलिस के अनुसार, 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धुलीडांगा गांव स्थित आरएम इंटरप्राइजेज क्रेशर के ट्रांसफॉर्मर से तांबे का कॉयल चोरी कर लिया था। इस संबंध में अजीत कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर पाकुड़िया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने कांड संख्या 80/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 305(e)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने धुलीडांगा गांव से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
आलमगीर शेख समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आलमगीर शेख उर्फ बाटिल, रामलाल टुडू और समोल सोरेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर रामलाल टुडू के घर के समीप झाड़ी में छिपाकर रखे गए चोरी के सामान को बरामद किया गया।
16 छोटे और एक बड़ा तांबे का कॉयल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर के 16 छोटे और एक बड़े तांबे के कॉयल समेत अन्य सामान बरामद किए। इसके साथ ही चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर WB37J 3851 बताया गया है। पुलिस अब बरामद सामान और जब्त वाहन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

न्यायालय में पेश करने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी तथा तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रांसफॉर्मर से कॉपर कॉयल चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।


