पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पाकुड़ में एक परिवार के लिए खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ प्रखंड के नरोत्तमपुर पंचायत अंतर्गत रामचन्द्रपुर गांव पहुंचकर पीएम-जनमन आवास योजना की लाभुक कविता पहाड़िया का गृह प्रवेश कराया। इस दौरान डीसी ने नवनिर्मित घर की चाबी सौंपने के साथ उन्हें प्रेशर कुकर और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। पक्का घर मिलने पर कविता के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
डीसी ने चाबी सौंपकर कराया गृह प्रवेश
रामचन्द्रपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कविता पहाड़िया को उनके नए घर की चाबी सौंपी। इसके बाद गृह प्रवेश कराया और उन्हें प्रेशर कुकर तथा शॉल भेंट की। डीसी ने लाभुक को नए घर में सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद कर रहे परिवार के लिए यह अवसर बेहद खास रहा।
पक्का घर मिलने पर छलकी खुशी
नया आवास मिलने से कविता पहाड़िया काफी खुश नजर आईं। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उनके लिए पक्का घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी है। गृह प्रवेश के मौके पर परिवार में उत्साह का माहौल रहा।

PVTG परिवारों को आवास उपलब्ध करा रही पीएम-जनमन योजना
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सुरक्षित आवास देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

जिले के सभी प्रखंडों में लाभुकों का गृह प्रवेश
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों में भी आवास योजनाओं के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। इनमें अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन आवास योजना के लाभुक शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक (आवास), पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

