पाकुड़: जिला मुख्यालय सहित विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को मां विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। सुबह से ही जिले के विभिन्न मंदिरों में विशेषकर बंगाली समाज की महिलाओं की बड़ी संख्या पूजा-अर्चना के लिए पहुंची।
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुई विधि-विधान से पूजा
पूजा के दौरान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया। व्रत रखने वाली महिलाओं ने मां विपत्तारिणी को 13 प्रकार के फल, फूल, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की प्रार्थना की।
सिंहवाहिनी मंदिर समेत कई मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
जिला मुख्यालय स्थित सिंहवाहिनी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके अलावा लिट्टीपाड़ा के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर, हिरणपुर, महेशपुर, पाकुड़िया तथा जिले के अन्य ग्रामीण मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने मां विपत्तारिणी की आराधना की।

पूजा सामग्री की खरीदारी से बाजारों में बढ़ी रौनक
पूजा के अवसर पर जिले के बाजारों में फल, फूल, मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर अच्छी चहल-पहल देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पूजा की आवश्यक सामग्री की खरीदारी की, जिससे स्थानीय बाजारों में भी रौनक बनी रही।

श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन और श्रद्धा से मां विपत्तारिणी की पूजा करने पर मां अपने भक्तों के सभी संकट दूर कर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।

