हंसुआ फेंकने के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत, 14 वर्षीय किशोर पर हत्या का मामला दर्ज

हंसुआ फेंकने के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत, 14 वर्षीय किशोर पर हत्या का मामला दर्ज

पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव में रविवार दोपहर घास काटने के दौरान हंसुआ फेंकने की घटना में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। मृतक की पहचान बरहेट थाना क्षेत्र के तालबाड़िया गांव निवासी अख्तर अंसारी के रूप में हुई है।

हंसुआ फेंकने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, अख्तर अंसारी अपने नाना मंसूर अंसारी के घर रहकर पढ़ाई करता था। रविवार दोपहर वह गांव के ही 14 वर्षीय मरुत अंसारी के साथ घास काटने खेत की ओर गया था।

बताया गया कि दोनों बच्चे आपस में हंसुआ एक-दूसरे की ओर फेंककर लेने-देने कर रहे थे। इसी दौरान एक हंसुआ उछलकर अख्तर के गले में जा धंसा। गले में गंभीर चोट लगने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पाकुड़ भेज दिया।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

नाना ने लगाया जानबूझकर हत्या का आरोप

मृतक के नाना मंसूर अंसारी ने लिट्टीपाड़ा थाने में आवेदन देकर नाती की जानबूझकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।

प्रभारी थाना प्रभारी अनिल पंडित ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 14 वर्षीय किशोर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस घटना के सभी पहलुओं और वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और मृतक के नाना की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *