पाकुड़: जिले में काली पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के नित्य काली मंदिर, श्मशान काली मंदिर, खेपा काली, नीम तल्ला सहित दर्जनों पूजा स्थलों पर मां काली की आराधना की विशेष तैयारी की जा रही है। शाम ढलने के बाद पूजा-अर्चना शुरू होगी। इस दौरान पाकुड़ शहर के अलावा आसपास के गांवों और दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। खास बात यह है कि यहां मां काली के दर्शन और पूजा के लिए पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के अलग-अलग इलाकों से भक्त आते हैं।
नित्य काली और श्मशान काली मंदिर की है विशेष मान्यता
पाकुड़ के नित्य काली और श्मशान काली मंदिर की धार्मिक मान्यता दूर-दूर तक फैली हुई है। इन मंदिरों में काली पूजा की परंपरा करीब 300 वर्षों से चली आ रही है। यहां पूजा पारंपरिक तांत्रिक विधि-विधान से की जाती है। विशेष पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। श्मशान काली मंदिर में रात के समय होने वाली पूजा और बलि की परंपरा भी इसकी विशिष्ट पहचान मानी जाती है।
वर्ष 1737 में हुई थी मां नित्य काली की स्थापना
नित्य काली मंदिर के इतिहास को लेकर मान्यता है कि वर्ष 1737 ईस्वी में राजा पृथ्वीचन्द्र साही ने मां नित्य काली की स्थापना कराई थी। तभी से इस मंदिर में तांत्रिक विधि से पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तारापीठ के प्रसिद्ध साधक बामाखेपा भी पाकुड़ के श्मशान काली और नित्य काली मंदिर में आकर पूजा-अर्चना कर चुके हैं। इसी वजह से इन मंदिरों का संबंध तारापीठ की धार्मिक परंपरा से भी जोड़ा जाता है।

एक हजार आठ मुंडों पर विराजमान हैं श्मशान काली
श्मशान काली मंदिर की अपनी अलग धार्मिक पहचान है। मंदिर के पुजारी पंडित भरत कुमार के अनुसार, श्मशान काली एक हजार आठ मुंडों पर स्थापित हैं। उन्हें बड़ी काली के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर में विशेष तांत्रिक विधि से पूजा की जाती है। श्रद्धालुओं के बीच ऐसी मान्यता है कि मां के दरबार में आने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
रात की विशेष पूजा में जुटेंगे दूर-दराज के श्रद्धालु
काली पूजा की रात पाकुड़ के प्रमुख मंदिरों में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। नित्य काली और श्मशान काली मंदिर में होने वाली पूजा को लेकर स्थानीय लोगों और मंदिर समितियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। स्थानीय सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, श्मशान काली मंदिर के अध्यक्ष अंशुमान चक्रवर्ती और नित्य काली मंदिर के पुजारी पंडित भरत कुमार ने मंदिरों की धार्मिक परंपरा और पूजा की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। पाकुड़ की यह ऐतिहासिक पूजा परंपरा हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।

