पाकुड़: पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित झिकरहाटी गांव में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 95 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है। इस दौरान शराब ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक ई-रिक्शा (टोटो) को भी जब्त किया गया तथा तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि झिकरहाटी गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध महुआ शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और छापेमारी की गई।
टोटो से उतारी जा रही थी शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि दो लोग ई-रिक्शा से प्लास्टिक के जार उतारकर एक घर में ले जा रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से 45 लीटर तथा घर से 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 95 लीटर अवैध देशी महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में झिकरहाटी निवासी सष्टी राजवंशी तथा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के चांदपुर निवासी अब्दुल हाकिम और जैनल आवेदिन शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में पाकुड़ मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 110/26 दर्ज किया गया है।
ऑपरेशन जीवन के तहत जारी है अभियान
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन जीवन” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में एएसआई यशवंत कुशवाहा, महादेव प्रसाद मालाकार, कालेश्वर साव, शांति देवी, मनोज कुमार साहा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

