पाकुड़ में गणेश पूजा की तैयारी अंतिम चरण में, रेलवे मैदान में 28वां गणपति महोत्सव 14 सितंबर से

पाकुड़ में गणेश पूजा की तैयारी अंतिम चरण में, रेलवे मैदान में 28वां गणपति महोत्सव 14 सितंबर से

पाकुड़। जिलेभर में गणेश पूजा को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य पंडाल, आकर्षक गणेश प्रतिमा और विद्युत सजावट की तैयारी की जा रही है। पूजा को लेकर अधिकांश तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

शहर के रेलवे मैदान में सार्वजनिक गणेश पूजा समिति इस वर्ष गणपति महोत्सव का 28वां वर्ष मनाने जा रही है। समिति की ओर से पूजा के साथ कई सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

भगवा झंडों से सज रहा रेलवे मैदान और स्टेशन रोड

गणेश पूजा को लेकर रेलवे मैदान, पूजा स्थल और स्टेशन रोड को भगवा झंडों से सजाया जा रहा है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।

समिति के संस्थापक हिसाबी राय ने बताया कि इस वर्ष सार्वजनिक गणेश पूजा समिति के आयोजन को 28 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूजा स्थल पर भव्य गणेश प्रतिमा और आकर्षक पंडाल तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है।

14 से 17 सितंबर तक चलेगा गणपति महोत्सव

समिति के पूर्व अध्यक्ष अनिकेत गोस्वामी ने बताया कि रेलवे मैदान में चार दिवसीय गणपति महोत्सव का आयोजन 14 सितंबर से 17 सितंबर तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आने वाले कलाकारों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रमों को लेकर समिति के सदस्यों में उत्साह है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर डांडिया तक आयोजन

चार दिवसीय गणपति महोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को गणपति प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, पुष्पांजलि और आरती के साथ होगी।

15 सितंबर को बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 16 और 17 सितंबर को डांडिया, मटका फोड़ प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।

महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

डीसी और एसपी करेंगे महोत्सव का उद्घाटन

आयोजकों के अनुसार गणपति महोत्सव का उद्घाटन पाकुड़ की डीसी मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह संयुक्त रूप से करेंगे।

समिति के सदस्यों का कहना है कि गणपति महोत्सव को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। पूजा स्थल की सजावट से लेकर पंडाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *