पाकुड़: अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में युवती के अपहरण मामले का पाकुड़ पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
डायल-112 पर मिली थी अपहरण की सूचना
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती का तीन अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल से अपहरण कर लिया है। इसके बाद पीड़िता के पिता लुईस मरांडी के आवेदन पर 28 जुलाई 2026 को अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 59/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 140(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसआईटी का गठन कर शुरू की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान हेंसालाल टुडू (21 वर्ष), सुरेश हेम्ब्रम (28 वर्ष) और रोजेश मरांडी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गोड्डा जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस पूरे अभियान में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस और पाकुड़ तकनीकी सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

