अमेरिका जाना आज भी हजारों भारतीय युवाओं का सपना है। अमेरिकी वीजा के लिए लंबी लाइनें और कई बार लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। लेकिन अब अमेरिका में रह रहे एक भारतीय कपल ने युवाओं को अमेरिका आने के बजाय भारत में ही करियर के अवसर तलाशने की सलाह दी है।
इस कपल का नाम सुहास और प्रियंका है। दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अमेरिका में रहने के अपने अनुभव के बारे में बताया। उनका कहना है कि भारत में अब ऐसे कई करियर और नौकरी के मौके मौजूद हैं, जो पहले केवल अमेरिका जैसे देशों में आसानी से मिलते थे।
NRI कपल ने कहा- ‘अमेरिका मत आओ’
सुहास और प्रियंका का इंस्टाग्राम पर @darshanaconnects नाम से चैनल है। एक वीडियो में उनसे भारत में रह रहे उन युवाओं के बारे में पूछा गया, जो अमेरिका जाने का इंतजार कर रहे हैं।
इस पर कपल ने सीधा जवाब दिया- ‘अमेरिका मत आओ।’
सुहास ने बताया कि जब वह अमेरिका आए थे, तब भारत में करियर के अच्छे अवसर मिलना काफी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने अमेरिका आने का फैसला किया था।
अब भारत में भी बढ़े हैं मौके
सुहास के मुताबिक, आज भारत की स्थिति पहले जैसी नहीं है। देश में कई नए सेक्टर और करियर के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को सिर्फ अमेरिका जाने को ही सफलता का रास्ता नहीं मानना चाहिए।
कपल ने अपने अनुभव के आधार पर युवाओं को सलाह दी कि अमेरिका आने से पहले उन्हें भारत में मौजूद अवसरों और अपने करियर के विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।
‘भारत पर फिदा हैं दुनिया के निवेशक’
सुहास ने आगे कहा, ‘भारत में अच्छी जॉब नहीं थी और अच्छी जीवनशैली जीना भी बहुत मुश्किल था। अमेरिका हमारे लिए बहुत आसान दांव था। आप यहां आते थे और मास्टर्स की डिग्री लेते थे। इसके बाद आपकी जॉब लगती थी और आपकी लाइफ सेट हो जाती थी।’
उन्होंने कहा कि भारत बदल गया है और वैसे ही जॉब के अवसर मुहैया करा रहा है जो पहले विदेश में मिलती थीं। भारतीय कपल ने कहा कि अब आप भारत में वही चीजें कर सकते हैं जो पहले केवल अमेरिका में की जा सकती थीं।
प्रियंका ने कहा कि अब दुनिया के निवेशक भी भारत पर फिदा हैं और बड़ी संख्या में भारतीय बिजनस में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अवसर भले ही बराबर हो गए है लेकिन दोनों देशों में अभी भी अनुभव का सबसे बड़ा अंतर है।
सुहास ने कहा कि अमेरिका में कई साल काम करने के बाद भी उन्हें अभी स्वीकार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जब आप विदेश आते हो तो आपको अपने परिवार के लोग, दोस्त छोड़ने पड़ते हैं।
यहां आकर नए दोस्त बनाने पड़ते हैं। अगर मेरा बस चले तो मैं इंडिया में ही रहना चाहूंगा। भारतीय कपल ने कहा कि भारत के लोग जहां अमेरिका में ही रह जाते हैं, वहीं चीनी नागरिक अमेरिका आते हैं लेकिन बाद में फिर से अपने देश लौट जाते हैं।

