पटना। एक कहावत है, ‘बाढ़े पूत पिता के कर्मा।’ बिहार की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के बढ़ते कदमों में यह कहावत कुछ हद तक सटीक नजर आने लगी है। पिता नीतीश कुमार की तरह निशांत भी राजनीति में संवाद, कार्यक्रमों और जनसंपर्क को अहमियत देते दिखाई दे रहे हैं। नीतीश कुमार ने अपने लंबे राजनीतिक सफर में यात्राओं और विशेष दिवसों के जरिए सरकार की योजनाओं का जायजा लेने के साथ जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा फीडबैक लेने की कोशिश की। अब निशांत कुमार की राजनीतिक गतिविधियों में भी इसी शैली की झलक दिखने लगी है।
नीतीश कुमार की राजनीति की सबसे बड़ी ताकत रहा संवाद
नीतीश कुमार की राजनीतिक शैली की एक खास पहचान जनता और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद रही है। उन्होंने अलग-अलग यात्राओं और कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार के कामकाज को समझने, योजनाओं की स्थिति जानने और लोगों की समस्याओं का फीडबैक लेने का प्रयास किया। यही तरीका उनकी राजनीति की बड़ी ताकत बना।
यात्राओं के दौरान नीतीश कुमार केवल सरकारी योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं रहते थे, बल्कि आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करते थे। इससे उन्हें जमीनी परिस्थितियों और जनता की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिलता था। अब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के राजनीतिक कार्यक्रमों में भी इस मॉडल को अपनाने के संकेत मिल रहे हैं।
आध्यात्म से राजनीति तक निशांत कुमार का सफर
राजनीति में सक्रिय होने से पहले निशांत कुमार की पहचान अपेक्षाकृत आध्यात्मिक जीवनशैली वाले व्यक्ति के रूप में रही। उनके राजनीतिक भूमिका में आने को लेकर लंबे समय तक अटकलें लगती रहीं। हालांकि, कार्यकर्ताओं और पार्टी के भीतर से सक्रिय भूमिका निभाने की मांग के बीच उन्होंने राजनीति में कदम बढ़ाया।
राजनीति में आने के बाद उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों और संदेशों में बदलाव दिखाई देने लगा है। अब वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। सुशासन दिवस: नीतीश संवाद के कार्यक्रम में उनकी भागीदारी को इसी राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
सुशासन दिवस: नीतीश संवाद से दिया विकास का संदेश
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने की 21वीं सालगिरह के अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से अलग-अलग स्थानों पर सुशासन दिवस: नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निशांत कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नीतीश कुमार के शासनकाल की उपलब्धियों और बिहार में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।
इस मौके पर उनके संदेश में नीतीश कुमार, जदयू और पार्टी नेतृत्व के प्रति भरोसा बनाए रखने की अपील भी शामिल रही। निशांत ने वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर विकास की गति आगे बढ़ाने का संकल्प जताया। उनके इस संदेश से यह संकेत मिला कि वह पार्टी संगठन और सरकार के बीच समन्वय को अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल रखना चाहते हैं।
नीतीश कुमार की यात्राओं से निशांत क्या सीख रहे हैं?
वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद दत्त के मुताबिक, नीतीश कुमार की राजनीति लंबे समय तक प्रभावी रहने के पीछे संवाद की निरंतरता की बड़ी भूमिका रही है। उनके अनुसार, यात्राओं और विशेष दिवसों के जरिए नीतीश कुमार ने जनता से संपर्क बनाए रखा। इसी संवाद से सरकार को कई योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए लोगों की जरूरतों को समझने में मदद मिली।
नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन में न्याय यात्रा, विकास यात्रा, धन्यवाद यात्रा, प्रवास यात्रा, विश्वास यात्रा, सेवा यात्रा, अधिकार यात्रा, संकल्प यात्रा, संपर्क यात्रा, निश्चय यात्रा, समीक्षा यात्रा, जल-जीवन-हरियाली यात्रा, समाज सुधार यात्रा, समाधान यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा जैसे कई अभियान चलाए। बिहार दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से भी उन्होंने राज्य की पहचान और विकास के मुद्दों को प्रमुखता दी।
प्रमोद दत्त का मानना है कि यात्राओं और संवाद के जरिए नीतीश कुमार ने राजनीतिक ताकत के साथ जनता का समर्थन भी हासिल किया। निशांत कुमार के सामने सुविधा यह है कि उन्हें यह राजनीतिक मॉडल अपने पिता के लंबे अनुभव से सीखने का अवसर मिल रहा है।
निशांत कुमार के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती
निशांत कुमार के लिए नीतीश कुमार की राजनीतिक शैली को अपनाना एक शुरुआत हो सकती है, लेकिन उसे अपनी अलग पहचान में बदलना भी जरूरी होगा। जनता से संवाद, कार्यकर्ताओं से संपर्क और विकास योजनाओं पर जोर उनके राजनीतिक सफर के महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं।
सुशासन दिवस: नीतीश संवाद के जरिए उन्होंने जिस तरह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की बात कही, उससे उनकी भावी राजनीतिक रणनीति के संकेत मिलते हैं। अब देखना होगा कि वह इस संवाद और जनसंपर्क के मॉडल को किस तरह आगे बढ़ाते हैं और बिहार की राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान कैसे बनाते हैं।
