राजपुरा और मैथन में निर्माण स्थलों का SSP ने किया निरीक्षण
निरसा। धनबाद जिले में पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार को धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने एगारकुंड प्रखंड के राजपुरा और मैथन में प्रस्तावित पुलिस भवनों के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। राजपुरा में एसडीपीओ और अंचल निरीक्षक (CI) के आवास एवं कार्यालय तथा मैथन में नए थाना भवन के निर्माण की योजना है।
निरीक्षण के दौरान निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, निरसा, पंचेत, गल्फरबाड़ी और मैथन के थाना प्रभारी, एगारकुंड के अंचल अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

निर्माण स्थल का लेआउट देखकर अधिकारियों से ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने निर्माण स्थल का लेआउट देखा और संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित भवनों के निर्माण की पूरी जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि किस स्थान पर कौन-सा भवन बनाया जाएगा और निर्माण की रूपरेखा क्या होगी। मौके पर मौजूद अधिकारियों और संबंधित टीम के साथ निर्माण से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत में एसएसपी ने बताया कि एसडीपीओ के आवास और कार्यालय के साथ-साथ निरसा के सीआई के आवास और कार्यालय की आवश्यकता को मंजूरी मिल चुकी है। इसी के तहत निर्माण स्थल का निरीक्षण कर भवनों के लेआउट और निर्माण की स्थिति को समझा गया।

SDPO और CI के लिए बनेंगे स्थायी आवास और कार्यालय
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि राजपुरा में एसडीपीओ और सीआई दोनों के लिए आवास एवं कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कोई अस्थायी व्यवस्था नहीं, बल्कि स्थायी प्रबंध है। निर्माण कार्य की शुरुआत हो रही है और संबंधित टीम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में जेपीएससीएल के इंजीनियर और संवेदक शामिल हैं। टेंडर में काम पूरा करने के लिए जो समय निर्धारित किया गया है, उसी अवधि के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों और निर्माण से जुड़ी टीम को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन होना चाहिए और काम तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।
राजपुरा में एसडीपीओ और सीआई के लिए आवास एवं कार्यालय तथा मैथन में नए थाना भवन के निर्माण से क्षेत्र में पुलिस प्रशासन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: बंटी झा, निरसा।

