DGP:झारखंड विस चुनाव से पहले पुलिस महानिदेशक में बड़ा फेर बदल..अजय कुमार सिंह की जगह अनुराग गुप्ता बने झारखंड के नए डीजीपी…

रांची (RANCHI) झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले अजय कुमार सिंह को हटाकर तेजतर्रार और अनुभवी आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को झारखंड का डीजीपी बनाया गया है। 1990 बैच के आईपीएस अनुराग गुप्ता अब झारखंड के नए डीजीपी बन गए हैं। शुक्रवार को गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अनुराग गुप्ता सीआईडी के डीजी थे और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के डीजी भी रह चुके हैं।

साल 2022 में अनुराग गुप्ता को डीजी रैंक मिला था। डीजी रैंक मिलने के बाद सबसे पहले उन्हें डीजी ट्रेनिंग बनाया गया था।

रांची, गढ़वा और हजारीबाग में एसएसपी रह चुके हैं अनुराग गुप्ता

अनुराग गुप्ता झारखंड पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। गढ़वा, हजारीबाग एसपी और रांची के एसएसपी के पद पर रहते हुए उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। इसके अलावा वह बोकारो रेंज के डीआईजी के पद पर भी लंबे समय तक कार्यरत रहे हैं।

एडीजी स्पेशल ब्रांच का रहा काफी लंबा अनुभव

झारखंड पुलिस मुख्यालय में अनुराग गुप्ता को एडीजी स्पेशल ब्रांच के पद का लंबा अनुभव है। सीआईडी डीजी रहते हुए उन्होंने कई साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर अपनी योग्यता सिद्ध की है।

झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष बने अजय कुमार सिंह

इससे पहले डीजीपी पद पर तैनात अजय कुमार सिंह को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं एक अन्य सीनियर आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक संचार और तकनीकी सेवाएं रांची के पद पर पुलिस महानिदेशक के कोटि में उत्क्रमित करते हुए पुलिस महानिदेशक संचार और तकनीकी सेवाएं रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अजय कुमार सिंह को फरवरी 2023 में बनाया गया था डीजीपी

1989 बैच के अधिकारी अजय कुमार सिंह को पिछले साल फरवरी में झारखंड का डीजीपी बनाया गया था। उससे पहले एसीबी में डीजी के पद पर पोस्टेड थे। डीजीपी झारखंड बनने से पहले वह पुलिस हाउसिंग में एमडी थे। अजय कुमार सिंह ने राज्य के अलग-अलग विभागों में एडीजीपी रैंक पर सेवा दी है। वह सीआईडी, स्पेशल ब्रांच और रेल में भी सेवा दे चुके हैं। अजय कुमार सिंह हजारीबाग और धनबाद के एसपी भी रह चुके हैं।

NEWS ANP के लिए रांची से वी सिंह के साथ कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट…

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *