रांची/खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में भीड़ हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। बकरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों द्वारा चार युवकों को पकड़कर कथित रूप से बेरहमी से पीटे जाने की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे मॉब लिंचिंग का मामला माना है और जांच शुरू कर दी है।
बकरी चोरी के संदेह में चार युवकों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के बगनी गांव के चार युवक ऑल्टो कार से खूंटी जिले के बिंदादीरी गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वे बकरी चोरी करने आए थे। बकरियों के शोर के बाद ग्रामीण एकत्र हुए और चारों युवकों को पकड़ लिया।
आरोप है कि भीड़ ने तीन युवकों की लाठी-डंडों और हॉकी स्टिक से पिटाई की तथा उन्हें जंगल में अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया। चौथा युवक किसी तरह वहां से निकलकर ऑल्टो कार लेकर भागने में सफल रहा।
अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जंगल से दिलदार अंसारी, फिरोज अंसारी और निजाम अंसारी को मुक्त कराया।
गंभीर रूप से घायल दिलदार अंसारी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं फिरोज अंसारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चौथा युवक गुड्डू अंसारी घटना के दौरान ही वहां से निकल गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि बकरी चोरी की शिकायत के बाद ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मामला मॉब लिंचिंग का प्रतीत होता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और भीड़ हिंसा में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

