रांची: झारखंड की खनिज संपदा और उस पर राज्य के अधिकारों को लेकर विधानसभा में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ सदन में पेश राजकीय संकल्प के समर्थन में झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जाए। राज्य केंद्र सरकार का साझीदार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसके वित्तीय अधिकारों को सीमित कर उसे कमजोर किया जाए।
कल्पना सोरेन ने कहा कि यह मुद्दा केवल झारखंड के वर्तमान तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा हुआ है। सवाल यह होना चाहिए कि खनिज संपदा से पैदा होने वाली समृद्धि में स्थानीय लोगों की कितनी भागीदारी है और अपनी आजीविका गंवाने वाले लोगों को अपने अधिकारों के लिए कितना संघर्ष करना पड़ता है।
10 वर्षों में 1.56 लाख करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
विधानसभा में खनिज राजस्व का आंकड़ा रखते हुए कल्पना सोरेन ने दावा किया कि झारखंड को अगले 10 वर्षों में खनिज संपदा से करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिल सकता था। लेकिन एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद यह राशि घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है। उनके मुताबिक, इससे राज्य को करीब 1.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हो सकता है, जो कुल संभावित राजस्व का लगभग 61 प्रतिशत है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कुल खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार इस आय का इस्तेमाल राज्य के लोगों के जीवन में बेहतर बदलाव लाने के लिए करना चाहती है। ऐसे में खनिज राजस्व में कमी का असर केवल सरकारी खजाने पर नहीं, बल्कि विकास योजनाओं और आम लोगों के भविष्य पर भी पड़ सकता है।
खनन का असर झारखंड के लोगों को झेलना पड़ता है
खनन से होने वाले सामाजिक और पर्यावरणीय नुकसान का उल्लेख करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिज का इस्तेमाल देश के किसी भी हिस्से में हो, लेकिन उसके उत्खनन का सबसे अधिक प्रभाव उसी क्षेत्र पर पड़ता है, जहां से संसाधन निकाले जाते हैं। उन्होंने कहा कि जमीन झारखंड की जाती है, जंगल यहां के कटते हैं और बीमारी, विस्थापन तथा आजीविका के संकट का सामना भी स्थानीय लोगों को करना पड़ता है।
उन्होंने कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इन जमीनों से जुड़े लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन होना चाहिए। खनन से होने वाले लाभ और स्थानीय समुदायों की ओर से चुकाई जा रही कीमत पर भी गंभीर चर्चा जरूरी है।
कल्पना सोरेन ने सवाल उठाया कि यदि राज्य सरकार खनन प्रभावित लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए संसाधन जुटाना चाहती है, तो इसमें केंद्र सरकार को क्या परेशानी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, खनिज संपदा से मिलने वाले लाभ में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
‘झारखंड भीख में नहीं मिला, इसके पीछे संघर्ष का इतिहास है’
झारखंड आंदोलन का जिक्र करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह संघर्ष की धरती है। झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। उन्होंने कहा कि झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला, बल्कि इसके गठन के पीछे लंबा संघर्ष और पूर्वजों का बलिदान रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन केवल राजनीतिक स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं था, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ भी संघर्ष था, जिसमें यहां के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जाता था। ऐसे में राज्य के संसाधनों और उन पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा महत्वपूर्ण है।
केंद्र पर राज्यों के वित्तीय अधिकार सीमित करने का आरोप
एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर कल्पना सोरेन ने आरोप लगाया कि इसके जरिये केंद्र सरकार खनिज अधिकारों के साथ-साथ राज्यों के कर और उपकर लगाने के अधिकारों को भी सीमित कर रही है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से राज्यों को मिली शक्तियों पर इस कानून के माध्यम से असर पड़ रहा है।
उनका यह भी कहना था कि कानून बनाने से पहले राज्यों से पर्याप्त परामर्श नहीं लिया गया और न ही खनिज उत्पादक राज्यों की वित्तीय स्थिति पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया गया। उन्होंने इस मुद्दे को राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि झारखंड को अपनी खनिज संपदा से होने वाली आय का उपयोग यहां के लोगों के विकास के लिए करने का अधिकार मिलना चाहिए।

