मुंबई। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में अपने डिजिटल वित्तीय प्लेटफॉर्म JioFinance के तहत कई नई सुविधाओं की घोषणा की है। कंपनी ने JioFinance+ और JioFinance360 के साथ डिजिटल भुगतान और क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट से जुड़ी नई सुविधाएं पेश की हैं।
कंपनी के मुताबिक, इन सेवाओं का उद्देश्य ग्राहकों को अपनी वित्तीय स्थिति को बेहतर तरीके से समझने के साथ-साथ डिजिटल लेनदेन पर अतिरिक्त लाभ उपलब्ध कराना है।
JioFinance+ में लोन और क्रेडिट कार्ड पर कैशबैक
JioFinance+ को एक सदस्यता कार्यक्रम के तौर पर पेश किया गया है। कंपनी के अनुसार, इसके शुरुआती 365 दिनों की सदस्यता मुफ्त रखी गई है।
इस कार्यक्रम के तहत पात्र पर्सनल लोन पर 5,000 रुपये तक कैश वैल्यूबैक और क्रेडिट कार्ड पर 1,000 रुपये तक कैश वैल्यूबैक मिलने की बात कही गई है।
इसके अलावा, 2,500 रुपये या उससे अधिक की एकमुश्त JioGold खरीद पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त JioGold दिया जाएगा। पात्र लेनदेन पर ग्राहकों को 25 प्रतिशत अतिरिक्त JioPoints भी मिलेंगे।
JioFinance360 तैयार करेगा Financial Health Score
कंपनी ने JioFinance360 को ग्राहकों की वित्तीय स्थिति को एक जगह समझने के लिए पेश किया है। इसके जरिए संपत्ति और देनदारियों से जुड़ी जानकारी को एक साथ लाकर व्यक्तिगत वित्तीय रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसमें ग्राहक के खर्च, कर्ज, निवेश, बीमा और टैक्स से जुड़े पहलुओं को शामिल किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, इसके आधार पर ग्राहक को 0 से 100 के बीच Financial Health Score मिलेगा।
इसके साथ ही वित्तीय स्थिति को बेहतर करने के लिए सुझाव भी दिए जाएंगे। इससे ग्राहक अपनी वित्तीय स्थिति के अलग-अलग पहलुओं को एक ही जगह पर समझ सकेंगे।
भारतीय निर्यातकों के लिए क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सुविधा
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने भारतीय निर्यातकों के लिए क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सुविधा भी शुरू करने की जानकारी दी है। कंपनी के अनुसार, इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय लेनदेन को डिजिटल तरीके से आसान बनाना है।
इसके अलावा जल्द ही RuPay Tap & Pay सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके जरिए NFC स्मार्टफोन की मदद से संपर्क रहित भुगतान किया जा सकेगा।
बिना QR स्कैन किए UPI से होगा भुगतान
JioFinance POS पर UPI Tap & Pay सुविधा भी शुरू की गई है। कंपनी के मुताबिक, इसके जरिए ग्राहक को भुगतान के लिए QR कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं होगी।
कंपनी के अनुसार, इस सुविधा से 2 से 4 सेकंड में भुगतान किया जा सकता है। वहीं, 5,000 रुपये से कम के भुगतान पर पिन की जरूरत नहीं होगी।
तकनीक के जरिए वित्तीय सेवाओं को आसान बनाने पर जोर
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के एमडी और सीईओ हितेश सेठिया ने कहा कि कंपनी तकनीक के माध्यम से लोगों और कारोबारियों की वित्तीय जरूरतों को आसान बनाने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नए डिजिटल समाधान ग्राहकों को अपनी वित्तीय स्थिति समझने, उसे बेहतर तरीके से संभालने और डिजिटल भुगतान को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद करेंगे।

