रांची: सावन की पहली सोमवारी पर झारखंड के लाखों शिवभक्तों के लिए मौसम राहत लेकर आ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना है। इससे देवघर और बासुकीनाथ धाम में जलार्पण के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने श्रद्धालुओं और यात्रियों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
4 अगस्त को बढ़ सकता है बारिश का असर
पूर्वानुमान के मुताबिक 4 अगस्त को झारखंड के अधिकांश जिलों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों, विशेषकर हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
ऐसे में सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
5 अगस्त को भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
5 अगस्त को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे राज्य में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा और सावन के दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान मौसम विभाग की ताजा सलाह का पालन करें और खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थानों पर रुककर आगे की यात्रा करें।

