रांची: झारखंड को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ समाज कल्याण निदेशालय ने नई पहल शुरू की है। बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में राज्य की अद्यतन कार्ययोजना Making Jharkhand Child Marriage Free by 2030 का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह रोकने के लिए साझा रणनीति, विभागीय जवाबदेही और जमीनी स्तर पर समन्वित कार्रवाई पर चर्चा की।
जागरूकता के साथ शिक्षा और निगरानी पर भी जोर
कार्यशाला की अध्यक्षता समाज कल्याण सह झारखंड महिला विकास सोसाइटी की परियोजना निदेशक किरण पासी ने की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह का उन्मूलन केवल जागरूकता अभियान चलाने से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षा की निरंतरता, संस्थागत क्षमता निर्माण, प्रभावी निगरानी और विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं और पंचायत सचिवों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। साथ ही स्कूल छोड़ने वाली बच्चियों की पहचान कर उनका दोबारा नामांकन कराने की जरूरत बताई। स्कूल प्रबंधन समितियों, अभिभावक-शिक्षक बैठकों और बाल संसद की सक्रिय भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
स्कूल छोड़ने वाली बच्चियों की पहचान कर होगा दोबारा नामांकन
किरण पासी ने कहा कि किशोर-किशोरियों को करियर परामर्श, स्वास्थ्य और जीवन कौशल शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके साथ ही छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र बच्चों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों से वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन के लिए स्पष्ट वार्षिक लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। बाल विवाह मुक्त पंचायतों और शहरी निकायों के निर्माण के लिए समन्वित प्रयास करने पर भी जोर दिया गया। 15 दिसंबर से प्रस्तावित जागरूकता और जनभागीदारी गतिविधियों में सरकारी विभागों के साथ नागरिक समाज संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन पर आए 1700 मामलों में 1648 का निष्पादन
झारखंड बाल संरक्षण सोसाइटी एवं सामाजिक सुरक्षा के निदेशक विजय कुमार सिन्हा ने बाल विवाह की रोकथाम में जिला बाल संरक्षण इकाइयों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि जनवरी 2024 से 2026 के बीच चाइल्ड हेल्पलाइन पर करीब 1700 मामले प्राप्त हुए। इनमें से 1648 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 52 मामले लंबित हैं।
उन्होंने बाल संरक्षण सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, मामलों की समय पर रिपोर्टिंग और पुलिस एवं अभियोजन एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। संबंधित कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
झारखंड में बाल विवाह की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक
यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनिका मिश्रा ने कहा कि बाल विवाह से बच्चियों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास प्रभावित होता है। कम उम्र में विवाह और गर्भधारण से किशोरियों के स्वास्थ्य पर गंभीर जोखिम पैदा हो सकते हैं। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु की आशंका भी बढ़ती है। उन्होंने बच्चियों की शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई।
वहीं, यूनिसेफ की प्रीति श्रीवास्तव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य में बाल विवाह की स्थिति और चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने एनएफएचएस-6 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि झारखंड में बाल विवाह की दर 28.1 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 20 प्रतिशत है। सरायकेला-खरसावां और पाकुड़ जैसे जिलों में बाल विवाह की स्थिति पर चिंता जताते हुए उच्च जोखिम वाले जिलों और प्रखंडों में लक्षित हस्तक्षेप, किशोर-किशोरियों की भागीदारी और नियमित निगरानी मजबूत करने की जरूरत बताई।
कई विभागों और संस्थाओं ने लिया बाल विवाह मुक्त झारखंड का संकल्प
कार्यशाला में समाज कल्याण विभाग की संयुक्त सचिव सुमन पाठक, सहायक निदेशक सुमन सिंह, राज्य नोडल पदाधिकारी सुजाता कुमारी, पंचायती राज विभाग की उप निदेशक रश्मि लकड़ा, झालसा के अवर सचिव निर्मल कुमार भारती और जेइपीसी के सहायक निदेशक मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
यूनिसेफ, सी3, आईसीआरडब्ल्यू, एपीएनए और एवीए जैसी सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन की शपथ ली और वर्ष 2030 तक झारखंड को बाल विवाह मुक्त राज्य बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
कार्यशाला में स्पष्ट किया गया कि बाल विवाह का उन्मूलन किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सरकार, प्रशासन, पंचायतों, समुदायों और विकास सहयोगी संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा। शिक्षा, बाल संरक्षण, सामुदायिक जागरूकता और विभागों के बीच मजबूत समन्वय को इस लक्ष्य की प्राप्ति का आधार बताया गया।
